छात्र-छात्राओं ने दी शहीदों को श्रद्धांजलि
कांधला। पुलवामा हमले में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए स्कूली छात्रों ने रैली निकालकर विरोध जताया।
आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों को लेकर पूरे देश में गम और गुस्से का माहौल है। सोमवार को नगर के मान्यता प्राप्त स्कूलों ने हजारों बच्चों को साथ लेकर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। गांधी चौक जैन स्थानक पर 45 शहीदों को छात्र-छात्राओं के द्वारा मोमबत्ती जलाकर श्रद्धांजलि दी गई। हजारों छात्र-छात्राओं के द्वारा पाकिस्तान के प्रति मन में गहरा आक्रोश भरते हुए एक रैली का आयोजन किया गया। पाकिस्तान मुर्दाबाद, आतंकवाद खत्म करो के नारों से केंद्र सरकार को संदेश देते हुए जवानों की शहादत का बदला लेने की मांग की। रैली नगर के विभिन्न मार्गों से होती हुए कैराना रोड स्थित शहीद वीर अब्दुल हमीद चौक पर पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में सरस्वती विद्या मंदिर, आरजू गुड लक पब्लिक स्कूल, न्यू महिमा पब्लिक स्कूल, आर्य बाल विद्यालय सहित कई स्कूलों ने भाग लिया।
सैनिकों पर कायरतापूर्ण किया गया हमला
कांधला। क्षेत्र के गांव भभीसा, कनियान, सुन्ना सहित कई ग्राम पंचायतों के सैकड़ों लोगों ने पुलवामा में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए। इसके बाद ग्रामीणों ने नारेबाजी के बीच पाकिस्तान का पुतला दहन किया। कार्यक्रम के दौरान लोगों ने कश्मीर से धारा 370 हटाने की मांग की। इस दौरान विहिप जिलाध्यक्ष डॉ सुभाष मलिक, भाजपा नेता नरेश सैनी, रामचंद्र उपाध्याय सहित काफी लोग मौजूद रहे। उधर, प्राथमिक विद्यालय नंबर एक डांगरौल गांव में शहीद हुए जवानों की याद में एक शोक सभा का आयोजन किया गया। सभा में विद्यालय के प्रधानाध्यापक मनोज कुमार ने बताया कि जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर आतंकवादियों द्वारा किया गया हमला एक कायराना हमला है, जिसकी समस्त विद्यालय परिवार भर्त्सना करता है । इस हमले में शहीद हुए वीर जवानों के लिए एक प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। शहीद हुए जवानों की आत्मा की शांति के लिए कैंडल जलाकर दो मिनट का मौन रखा गया। इस दौरान युवा रालोद नेता राजन जावला, उजाला शर्मा, अभिषेक, सीमा, सुनीता आदि उपस्थित रहे।