अमर उजाला ब्यूरो
शामली। खुले घूमने वाले गोवंश से चौपट हो रही फसलों से परेशान गांव लांक के ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन तक अपनी बात पहुंचाने के लिए अनोखा तरीका अपनाया है। ग्रामीणों ने गांव और खेतों में घूमने वाले गोवंश की पूजा अर्चना की और माला पहनाई।
शामली क्षेत्र के गांव लांक में बुधवार सुबह ग्रामीण इकट्ठा हुए। गांव और खेतों में घूमने वाले गोवंश की आरती कर पूजा-अर्चना की और माला पहनाई। लोकेंद्र मलिक के नेतृत्व में ग्रामीणों ने गांव में घूम-घूमकर गोवंश की पूजा की। लोकेंद्र मलिक और अन्य ग्रामीणों ने बताया कि बड़ी संख्या में गोवंश उनके खेतों में खड़ी फसलों को चौपट कर रहे हैं। पहले ईंख की फसल बर्बाद हुई। अब गेहूं और बरसीम आदि की फसल को बर्बाद कर रहे हैं। किसान अपनी फसल बचाने के लिए चिंतित हैं। गोवंश की पूजा कर मन्नत की है कि गोवंश देवता कहीं ओर चले जाओ या फिर उन पर इतनी मेहरबानी कर दो कि उनकी फसल को नुकसान न हो। गोवंश को कोई नुकसान पहुंचाए बिना सरकार को उनकी सुरक्षा और खाने पीने की व्यवस्था के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। इससे गोवंश भी सुरक्षित रहेंगे और उनकी फसलों को भी नुकसान नहीं होगा। सरकार ने 10 जनवरी तक सभी गोवंश पकड़कर गोशाला में भेजने की बात कही थी, उनके गांव में तो अभी तक कोई गोवंश पकड़ने नहीं पहुंचा। इसलिए सरकार तक अपनी बात पहुंचाने के लिए उन्होंने गोवंश की पूजा करने का तरीका निकाला ताकि उनकी समस्या को सरकार गंभीरता से लेकर ठोस समाधान निकाल सके। गोवंश की पूजा के दौरान वेदपाल सिंह, रतन सिंह, तनुज, मुन्नू, अरविंद आदि ग्रामीण मौजूद रहे। ग्राम प्रधान बाबूराम का कहना है कि गोवंश फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। फसल चौपट होने से ग्रामीण परेशान है। सरकार तक बात पहुंचाने के लिए ग्रामीणों ने देव तुल्य गोवंश की पूजा की है।