योजना में चयनित पात्रों ने किया प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
कैराना। प्रधानमंत्री आवास योजना में चयनित पात्रों को दूसरी किश्त न मिलने से परेशान पात्रों ने तहसील पहुंचकर प्रदर्शन किया। उन्होंने डीएम को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की।
मोहल्ला आलखुर्द वार्ड-3 के सभासद मुर्सलीन व वार्ड-8 सभासद पति गय्यूर के नेतृत्व में लोगों ने तहसील कार्यालय पर पहुंचकर हंगामा किया। लोगों ने जिलाधिकारी को दिए ज्ञापन में बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत वह पात्रता सूची में हैं। जिनको पहली किश्त के रूप में 50-50 हजार आवंटित किए गए और संबंधित विभाग के द्वारा मकान का नक्शा बनाकर दिया। आरोप है कि अधिकारी उन्हें कहते हैं कि दो कमरे बनाओ, तभी बाकी धनराशि मिलेगी, वरना नहीं। उनका कहना है कि उन्हें पूर्व में दिए गए आधिकारिक नक्शे के हिसाब से बुनियादें भर रखी हैं। लेकिन दूसरी किश्त नहीं मिलने के कारण परिवार खुली छत के नीचे आ गए। कई लोग किराए पर रह रहे हैं। सर्दी के मौसम में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वह खुद मकान बनवाने में असमर्थ हैं। उन्होंने मकान निर्माण के लिए बकाया राशि भी उपलब्ध कराये जाने की मांग की है। इस दौरान इंतजार, मतलूब, इमरान, सईद, मेहरबान, हाजरा, मुंतियाज, यूनुस आदि रहे।