सर्पदंश से किशोर की मौत
कैराना। कस्बा कैराना में नवाब तालाब के पास रविवार शाम किशोर को सांप ने काट लिया। परिजन पहले तो उसको झाड़ फूंक के लिए गांव तितरवाड़ा ले गए। वहीं रात में हालत खराब होने पर पानीपत अस्पताल ले जाते किशोर की मौत हो गई। बाद में परिजनों ने गमगीन माहौल में शव को सपुर्द ए खाक कर दिया।
मोहल्ला छड़ियान निवासी इसरार कुरैशी पंजाब में फेरी लगाकर कपड़े बेचने का कार्य करता है। रविवार शाम सात बजे इसरार का बेटा उवैश (17 ) नवाब तालाब के पास किसी काम से गया था। वहां उसे सांप ने काट लिया। इसके बाद उवैश बदहवास हालत में अपने घर पहुंचा। सांप काटने के बारे में परिजनों को बताया। परिजन उवैश को तितरवाड़ा गांव में एक झाड़ फूंक करने वाले के पास ले गए। इसके बाद उवैश को अपने घर ले आए। रात में ही उवैश की हालत खराब होने लगी तो परिजन उसे शामली के प्राइवेट अस्पताल में ले गए। वहां डाक्टर ने उसे जवाब दे दिया। इसके बाद पानीपत स्थित अस्पताल ले जाते समय उवैश की मौत हो गई। किशोर की मौत पर परिजनों में कोहराम मच गया।