जिला पंचायत सदस्य और एसडीओ के बीच नोकझोंक
कांधला (शामली)। विद्युत निगम की टीम द्वारा चेकिंग के नाम पर लोगों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए जिला पंचायत सदस्य मनीष चौहान ने एसडीओ से फोन पर विरोध जताया। इस पर एसडीओ और उनके बीच फोन पर ही कहासुनी हो गई। बाद में मामला थाने तक पहुंचा, लेकिन पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर मामला शांत करा दिया।
विद्युत निगम द्वारा बिजली चोरी रोकने के लिए रात में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। रात में चेकिंग के दौरान विद्युत निगम की टीम के लोगों के साथ पूर्व में कई बार विवाद हो चुका है। मंगलवार को कस्बा कांधला के साथ ही गांव गंगेरू, गढ़ी दौलत और खेड़ा कुरतान के लोगों ने जिला पंचायत सदस्य मनीष चौहान से मुलाकात कर कहा कि चेकिंग के नाम पर विद्युत विभाग की टीम अवैध वसूली करती है और महिलाओं से अभद्र व्यवहार किया जा रहा है। इस पर मनीष चौहान ने विद्युत विभाग के एसडीओ मदनपाल से फोन पर बात की। फोन पर ही दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद मामला थाने तक जा पहुंचा। एसडीओ ने अपनी टीम के साथ थाने पर पहुंचकर मनीष चौहान के खिलाफ तहरीर दे दी। वहीं, मनीष चौहान भी अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंच गए। थाने में भी दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए। मामले को बढ़ता देखकर पुलिस ने बीच बचाव कराया। पुलिस हस्तक्षेप के बाद दोनों के बीच विवाद का पटाक्षेप करा दिया गया। थाना प्रभारी ओपी चौधरी ने बताया कि उनके पास उक्त प्रकरण को लेकर कोई तहरीर नहीं आई है।