शिक्षा के प्रति जागरूकता अभियान चलाने पर दिया जोर
कैराना (शामली)। ऑल इंडिया मिल्ली काउंसिल हरियाणा के अध्यक्ष कारी जीशान कादरी ने कहा कि मुस्लिम समाज शिक्षा के क्षेत्र में पिछड़ रहा है। हमें अपने नौनिहालों को दीन के साथ-साथ दुनियावी शिक्षा भी दिलानी चाहिए। शिक्षा की जागरूकता पर अभियान चलाने के लिए जरूरत है।
कैराना में शामली रोड पर स्थित मदरसा इस्लाहुल मुस्लिमीन में कंप्यूटर की शिक्षा एवं उसकी महत्ता के विषय पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि आल इंडिया मिल्ली काउंसिल हरियाणा के अध्यक्ष कारी जीशान कादरी ने कहा कि हम अपने बच्चों को दीनी शिक्षा के साथ ही दुनियावी शिक्षा भी अवश्य दिलाएं, जिससे हमारे नौनिहाल आधुनिक युग में उच्च शिक्षा से जुड़कर देश के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें। मौलाना फैजान साबिक कासमी ने कहा कि मदरसों में दीनी शिक्षा प्राप्त करने वालें छात्रों को दुनियावी शिक्षा से जोड़ना समय की जरूरत है। आज हम अशिक्षित होने के कारण पिछड़ गए हैं। हमें इस विषय पर गंभीरता के साथ विचार करने की जरूरत है। युवा वर्ग शिक्षित होगा तो समाज शिक्षित होगा और तरक्की की राह पर चलेगा, लेकिन आज हमने अपने नौनिहालों को शिक्षा की ओर से हटा लिया है, जिस वजह से हमारे युवा अशिक्षित होकर आज के इस आधुनिक युग में पिछड़ गए है। उन्होंने अपने बच्चों को शिक्षा दिलाने का आह्वान किया। इस मौके पर मदरसा संचालक कय्यूम बागबां, हाजी मोहम्मद ताहिर, हकीम मंसूर हाशमी, मौलाना जीशान, हाफिज रियासत अली समेत अन्य लोग मौजूद रहे।