जनपद में पहले चरण मेें ही नगर निकाय चुनाव होने जा रहे हैं। सभी प्रत्याशी भी पूरे जोश के साथ प्रचार प्रसार में लगे है। वहीं वोटर भी शहर के चौराहों पर धूप में बैठकर समस्याओं और मुद्दों वार्ता करते नजर आ रहे है। इस बार वोटर शहर के विकास की ओर ज्यादा ध्यान देते नजर आए।
शुक्रवार को शहर में नगर निकाय चुनाव के माहौल के चलते अमर उजाला टीम ने शहर की रेलपार कॉलोनी स्थित गली नंबर पांच के एक चौराहे पर कुर्सी डालकर बैठी कई महिलाओं की चुनावी चर्चा को सुना। जिसमेें महिलाएं की समस्याओं और विकास पर बात करती नजर आई। जिसमें बिमला का कहना है कि शहर में सबसे बड़ी जाम की समस्या है। नए चेयरमैन को इस ओर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। सुरेश का कहना है कि आज तक पास से गुजर रहे गंदगी भरे रजवाहे पर किसी ने ध्यान नहीं दिया। जो भी प्रत्याशी रजवाहे को ऊपर से छपवाकर गंदगी और मच्छरों से निजात दिलाएगा पूरा मोहल्ला उसे ही वोट देगा।
वहीं कविता और विमला कह रही कि शहर में महिला बिल्कुल भी सुरक्षित नहीं है। रजवाहे पर हर रोज किसी न किसी महिला का पर्स और चेन छीन ली जाती है। महिलाओं की सुरक्षा की ओर ध्यान देने वाले प्रत्याशी को ही वोट मिलेगा। गीता, बबीता, संतोष और सरिता कह रही कि मोहल्ले में पिछले पांच वर्षों से गली में कोई भी सफाईकर्मी नहीं आया है। इस बार ऐसे चेयरमैन को ही वोट देंगे जो हमारी गली हर रोज सफाई कराएगा और कूडे़दान की भी अच्छी व्यवस्था रखेगा।