कैराना (शामली)।
हरियाणा निवासी रिश्तेदार के यहां यहां तेरहवीं में शामिल होकर बागपत जा रहे परिवार की मारुति वैन में आग लग गई। समय रहते आभास होने पर चालक ने वैन रोक दी, जिसके चलते वैन को खाली कर दिया गया। इसके बाद वैन धू-धू कर जल उठी।
बागपत के थाना छपरौली के गांव कुरड़ी निवासी नीरज चालक है। बुधवार शाम करीब साढ़े छह बजे वह कृष्णपाल, सुनील और बिल्लू और उनके परिवार की चार महिला तथा चार बच्चों को हरियाणा के देबीपुर गांव से ला रहा था। कैराना थाना क्षेत्र में पानीपत रोड पर पंजीठ गांव के पास पहुंचने पर नीरज को कार से धुआं उठता दिखाई दिया। इसके चलते उसने समझबूझ दिखाते हुए तुरंत वैन को वहीं रोक दिया। वैन में सवार सभी लोगों को बाहर निकाल लिया। इसी दौरान कार में भयंकर आग लग गई और देखते ही देखते आग का गोला बन गई। वैन चालक और परिवार के लोगों ने दूर भागकर अपनी जान बचाई। हादसे के बाद मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। इसी दौरान सूचना मिलने पर डायल 100 पुलिस भी मौके पर पहुंची। वैन चालक नीरज से पूछताछ की गई। चर्चा रही कि वैन में गैस किट लगी थी, लेकिन चालक ने इंकार कर दिया।
-- आरोपी गिरफ्तार, किशोरी बरामद
कांधला। थाना कांधला क्षेत्र के गांव निवासी व्यक्ति ने एक पखवाड़ा पूर्व तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी नाबालिग बेटी को गांव का ही मुकेश बहला फुसलाकर अगवा करके ले गया। थाना प्रभारी ओपी चौधरी ने बताया कि भारसी मोड़ के निकट से आरोपी मुकेश ो गिरफ्तार कर किशोरी को बरामद कर लिया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करके जेल भेज दिया है। लड़की का डाक्टरी परीक्षण कराया जा रहा है।