पति ने पत्नी से मोबाइल रखने का विरोध करने पर पत्नी के भाइयों ने उसको मोबाइल लाकर दे दिया। इस बात को लेकर जीजा-साले आपस में भिड़ गए और हंगामा हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस के साथ भी आरोपियों ने अभद्रता करते हुए धक्कामुक्की कर दी। बाद में मौके पर पहुंची अतिरिक्त पुलिस फोर्स ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया।
मोहल्ला घोसाचुंगी अफगानान निवासी एक युवक का निकाह सात माह पूर्व कैराना निवासी एक एक युवती के साथ हुआ था। युवक अपनी पत्नी को मोबाइल चलाने से मना करता था, जबकि उसकी पत्नी मोबाइल की जिद करती थी। बुधवार को महिला के दो भाई अपनी बहन के घर पहुंचे तथा अपनी बहन को नया मोबाइल दे दिया। महिला के पति ने इसका विरोध किया तो जीजा-सालों के बीच कहासुनी हो गई और उसके बाद मारपीट होने लगी। सूचना पर डायल 100 पुलिस मौके पर पहुंची आरोप है कि आरोपियों ने पुलिस के साथ भी अभद्रता करते हुए पुलिस का विरोध शुरू कर दिया। इसके बाद मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया तथा लाठियां फटकार कर भीड़ को तितर-बितर किया। पुलिस ने मौके से दो लोगों को हिरासत में ले लिया। बाद में जिम्मेदार लोगों ने मामले में फैसले का प्रयास शुरू कर दिया।
यमुना में डूब गया वृद्ध
कैराना। हरियाणा के गांव अधमी निवासी 65 वर्षीय अथला मंगलवार सुबह यमुना किनारे अपने खेत पर गया था। इस दौरान अथला यमुना के पानी के तेज बहाव में डूब गया। सूचना पर गोताखोरों ने यमुना में किसान की तलाश की। साथ ही हरियाणा प्रशासन के अधिकारियों ने भी मौके पर जाकर राहत कार्यों को देखा, लेकिन बुधवार शाम तक भी किसान का कोई पता नहीं चल सका।