सेशन कोर्ट के लिए संगम बारातघर देने का प्रस्ताव पास
शामली। नगर पालिका परिषद की बुधवार को हुई बोर्ड बैठक में संगम बारातघर को सेशन कोर्ट की स्थापना के लिए देने का प्रस्ताव पारित कर दिया गया। वहीं, पालिका की बिल्डिंग में नवनिर्मित सभाकक्ष का लोकार्पण किया गया।
हाईकोर्ट के प्रशासनिक न्यायमूर्ति एसएन अग्निहोत्री ने 10 दिन पूर्व शामली में सेशन कोर्ट की स्थापना के लिए बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ मीटिंग की थी। इसके बाद जिला जज/ ओएसडी राधेश्याम यादव ने शामली में मोहल्ला रेलपार स्थित संगम बारातघर का निरीक्षण कर सेशन कोर्ट की स्थापना के लिए उसे उपयुक्त स्थान माना था। इसके बाद जिला बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने नगर पालिका परिषद से संगम बारातघर को सेशन कोर्ट की स्थापना के लिए देने की मांग की थी। बुधवार को नगर पालिका परिषद शामली की बोर्ड बैठक हुई, जिसमें पालिकाध्यक्ष और सभासदों ने सर्वसम्मति से संगम बारातघर सेशन कोर्ट स्थापना के लिए देने पर मंजूरी दे दी।
नगर पालिका चेयरमैन अरविंद संगल ने कहा कि शामली में सेशन कोर्ट की स्थापना से हजारों लोगों को फायदा होगा, जो सेशन कोर्ट में चल रहे मुकदमों की पैरवी के लिए मुजफ्फरनगर जाते हैं। इससे लोगों को सुलभ न्याय मिल सकेगा।
वहीं, इसी दौरान नगरपालिका परिसर में नवनिर्मित सभाकक्ष का लोकार्पण पालिका चेयरमैन अरविंद संगल और सभासदों ने किया। पालिका बोर्ड का पांच साल कार्यकाल पूर्ण होने पर सभासदों को स्मृति चिह्न भेंटकर बधाई दी गई। इस दौरान सभासद सुशीला देवी, प्रहलाद सिंह, सोनू चावला, बबीता ऐरन, नसीम, इस्लाम अशोक सरोहा, विनोद तोमर, अनीता, सेठपाल, रूपाली गुप्ता, शाहिदा, देवेन्द्र कुमार, अनीता, पूरनचन्द, विनोद कुमार, धुरेन्द्र, लोकेन्द्र, गुलजार, सुभाष कश्यप, इकराम, महबूब राणा, वरिष्ठ लिपिक बाबूलाल और सुखपाल सिंह आदि मौजूद रहे।
विद्युत निगम आज लगाएगा जन अदालत
शामली। विद्युत वितरण के अधिशासी अभियंता विजयपाल ने बताया कि बृहस्पतिवार को कैराना रोड स्थित अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर जन अदालत का आयोजन किया जाएगा। प्रात: 10 बजे से अपराह्न चार बजे तक अदालत चलेगी, जिसमें विद्युत बिल, मीटर संबंधी समस्याओं के साथ ही अन्य समस्याओं का निवारण किया जाएगा।
-