छह गांवों को शामली ब्लाक से नहीं जोड़ने पर होगा आंदोलन
शामली। सपा नेता एवं उत्तर प्रदेश योजना आयोग के पूर्व सदस्य प्रोफेसर सुधीर पंवार ने कहा कि ऊन और कैराना ब्लॉक के छह गांवों को शामली ब्लॉक से जोड़ने का आदेश पूर्व में हो चुका है, लेकिन प्रदेश की भाजपा सरकार ने उक्त गांवों को अभी तक शामली ब्लॉक से नहीं जोड़ा है। यदि 15 दिन में इन गांवों को शामली ब्लॉक से नहीं जोड़ा गया, तो आंदोलन किया जाएगा।
बुधवार को शामली में समाजवादी पार्टी कार्यालय पर प्रेसवार्ता के दौरान प्रोफेसर सुधीर पंवार ने कहा कि वर्ष 2016 में सपा सरकार के दौरान गांव बधेव, मुडेटकलां, टिटौली, कसेरवा खुर्द, कसेरवाकलां, मालैंडी को प्रधानों की मांग पर कैराना और ऊन ब्लॉक से हटाकर शामली ब्लॉक से जोड़े जाने के निर्देश दिए थे। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कैबिनेट की बैठक में घोषणा की थी, लेकिन प्रदेश में सरकार बदलने के बाद उक्त आदेश पर अमल नहीं हुआ। इस कारण इन गांवों में विकास कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। इस दौरान जिलाध्यक्ष अशोक चौधरी ने गांव खेडागंदाई में अल्पसंख्यक विभाग की ओर से बनाए जाने वाले कान्वेंट स्कूल के लिए आया डेढ़ करोड़ रुपये को भी अधिकारियों द्वारा वापस भेजे जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में गांव में 15 बीघा जमीन देकर स्कूल बनाए जाने के लिए स्वीकृति दी गई थी। इस दौरान विजय कौशिक, संजय उपाध्याय, सचिन राणा आदि मौजूद रहे।