शामली। करनाल रोड स्थित शिवम बैडमिंटन क्लब में चल रही चैंपियनशिप में रविवार को युगल स्पर्धा में विजय और शुभम की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन कर जीत दर्ज की। रविवार को प्रतियोगिता का शुभारंभ वाणिज्यकर विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर एसपी मलिक ने किया। उन्होंने कहा कि शरीर को स्वस्थ रखने के लिए बैडमिंटन खेलना सबसे अच्छा माध्यम है। साथ ही युवा इस खेल के जरिये अपना भविष्य भी उज्ज्वल बना सकते हैं। वहीं, युगल स्पर्धा में कई शानदार मुकाबले हुए, जिनमें प्रथम स्थान विजय और शुभम की जोड़ी को मिला, जबकि तोमर और प्रयाग मिश्रा ने दूसरा और मुजफ्फरनगर के यश खाटियान और आदित्य कौशिक की जोड़ी तीसरे नंबर पर रही। प्रतियोगिता के दूसरे दिन मुजफ्फरनगर और शामली की टीमें बढ़त बनाए हुए हैं। मैच रेफरी की भूमिका शिवम मलिक और निखिल शर्मा ने निभाई। प्रतियोगिता में यूपी के अलावा हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और उत्तराखंड के खिलाड़ी भी हिस्सा ले रहे हैं। इस दौरान मुनव्वर मंसूरी, अजय संगल, मुकेश मुखिया, सचिन कालखंडे, अनिल, विशाल चौधरी, सचिन शर्मा, विक्की मित्तल, अमित संगल और डाक्टर गजेंद्र आदि मौजूद रहे।