सहारनपुर से ऋण की फाइल हुई निरस्त
शामली। प्रधानमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत बैंक से ऋण स्वीकृत नहीं होने पर युवती द्वारा लगाए गए आरोप को शाखा प्रबंधक ने झूठा बताया है। शाखा प्रबंधक का कहना है कि ऋण की फाइल सहारनपुर के प्रबंधक द्वारा जांच में निरस्त की गई। गौरतलब है कि गत 20 फरवरी को गढ़ी अब्दुल्ला खां निवासी युवती ने तहसील दिवस में जिलाधिकारी को शिकायत पत्र देकर बताया था कि उसने प्रधानमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत मिनरल वाटर का प्लांट लगाने के लिए बैंक शाखा से ऋण लेने को आवेदन किया था। आरोप लगाया था कि शाखा प्रबंधक ने कई बार चक्कर काटने के बावजूद ऋण स्वीकृत नहीं किया, बल्कि उसके साथ अभद्रता की गई। उधर, बैंक शाखा प्रबंधक का कहना है कि ऋण की फाइल जांच के लिए सहारनपुर के प्रबंधक के पास गई थी, वहीं से जांच होने के बाद ऋण की फाइल अस्वीकृत हुई है। अस्वीकृति का कारण भी फाइल पर लिखा गया है। शाखा प्रबंधक का कहना है कि उन्होंने युवती के साथ कोई अभद्रता नहीं की, उसके द्वारा लगाए गए आरोप गलत हैं।