- कलक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक
- होली पर सुरक्षा के होंगे पुख्ता इंतजाम
- थाना और निकाय स्तर पर मजिस्ट्रेट, प्रत्येक होलिका स्थान पर पुलिस की ड्यूटी
- एक मार्च की रात जिले में 474 स्थानों पर होगा होली का दहन
- आसपास के पांच लोगों से संपर्क बनाकर रखना होगा, विवादों पर रखी जाएगी नजर
- संवेदनशील और अतिसंवेदनशील स्थानों पर रहेगी अतिरिक्त चौकसी
- चिकित्सालयों पर 24 घंटे तैनात रहेंगे कर्मी, फायरब्रिगेड टीम भी रहेगी अलर्ट
फोटो...
अमर उजाला ब्यूरो
शामली।
होली का त्योहार शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। होली का दहन के दौरान पुख्ता सुरक्षा इंतजाम रखे जाएंगे, तो दुल्हेंडी वाले दिन भी संवेदनशील और अतिसंवेदनशील स्थानों पर कड़ी चौकसी रहेगी। जिला स्तरीय अधिकारियों ने निर्देश दिया कि खुराफात करने वालों, अवैध रूप से शराब बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में डीएम इंद्र विक्रम सिंह और एसपी डॉ. अजयपाल शर्मा की मौजूदगी में होली पर सुरक्षा और अन्य इंतजाम को लेकर समीक्षा बैठक की गई। इस दौरान डीएम ने आबकारी विभाग, पंचायत राज विभाग और अन्य विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि गांवों में अवैध रूप से शराब बिक्री नहीं होनी चाहिए। आबकारी विभाग को ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया, जो अवैध रूप से शराब बेचते हैं। नगर पालिका और नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिया कि होलिका स्थलों के आसपास साफ सफाई रखी जाए। एसपी ने कहा कि पूर्व में हुए विवादों के साथ ही भूमि विवाद से जुड़े मामलों को गंभीरता से देखें कि उनमें अब क्या स्थिति है। ऐसे लोगों को मुचलका पाबंद करें, जिनसे माहौल बिगड़ने की आशंका है। प्रत्येक होलिका स्थान पर पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी, जो वहां आसपास के पांच पांच लोगों के संपर्क में रहेंगे। सिपाहियों के साथ ही उपनिरीक्षक भी इसमें जिम्मेदारी संभालेंगे।
थाना स्तर पर जल्दी ही शांति समिति की बैठक कर त्योहार शांतिपूर्ण मनाने के लिए समझाएं और डीजे संचालकों के साथ भी बैठक कर लें। ताकि तेज आवाज में डीजे का संचालन न हो तथा शराब पीकर डीजे न बजाया जाएं। यदि कोई नियमों का उल्लंघन करेगा, तो उस पर कार्रवाई होगी। प्रत्येक थानाध्यक्ष अपने क्षेत्र के संवेदनशील और अतिसंवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रखें और खुद भी सतर्क रहें। किसी भी प्रकार की छोटी घटना की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जानी चाहिए। कांधला और थानाभवन क्षेत्र में अतिरिक्त चौकसी बरतने की आवश्यकता है। बैठक में मौजूद नगर निकायों के अध्यक्षों से भी अपील की गई कि त्योहार पर शांति बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें और लोगों को भी जागरूक करें। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक जगदीश शर्मा, एसडीएम सुरजीत सिंह, सीओ अशोक कुमार सिंह, सीओ राजेश तिवारी सहित सभी विभागों के अधिकारी और थानाध्यक्ष मौजूद रहे।
नगर निकाय और थाना स्तर पर रहेगी मजिस्ट्रेट की तैनाती
होलिका दहन और दुल्हेंडी पर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की तैनाती के साथ ही सेक्टर मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति भी की गई है। नगर निकाय और थाना स्तर पर अलग अलग मजिस्ट्रेट रखे गए हैं। इनमें शामली तहसीलदार को शामली कोतवाली और उपनिदेशक (कृषि) रामवीर कटारा को शामली नगर पालिका क्षेत्र का सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाया है। इसके अलावा अधिशासी अभियंता रविंद्र सिंह को थाना आदर्श मंडी, नायब तहसीलदार को थानाभवन, जल निगम के अधिशासी अभियंता को थाना बाबरी, नायब तहसीलदार कैराना को कैराना, बीएसए को कांधला, तहसीदार ऊन को झिंझाना, जिला आबकारी अधिकारी को गढ़ीपुख्ता, एआर कॉपरेटिव को चौसाना चौकी क्षेत्र, नायब तहसीलदार ऊन को ऊन, जिला विकास अधिकारी को कांधला नगर, जिला पंचायत राज अधिकारी को बनत, जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग अधिकारी प्रसून राय को थानाभवन नगर, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को जलालाबाद, बीडीओ ऊन को ऊन क्षेत्र, जिला कृषि अधिकारी को झिंझाना नगर का सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाया गया है।
थानावार होलिका दहन स्थलों की संख्या
शामली कोतवाली क्षेत्र में 42, आदर्श मंडी 38, कैराना 25, कांधला 27, थानाभवन 107, बाबरी 78, झिंझाना 101 और गढ़ीपुख्ता थाना क्षेत्र में 56 स्थानों पर होलिका दहन होगा। जिले में कुल 474 स्थानों पर एक मार्च की रात होलिका दहन होगा।
कलक्ट्रेट और जिला अस्पताल में कंट्रोल रूम
एक मार्च को होलिका दहन पर रात आठ बजे से सुबह आठ बजे तक जिला मुख्यालय पर कंट्रोल संचालित रहेगा, जिसमें लियाकत अली और महताब की ड्यूटी रहेगी। इनको 9720551164 और 9639126739 मोबाइल नंबर पर किसी भी प्रकार की घटना की सूचना दी जा सकेगी। इसके बाद दो मार्च को दुल्हेंडी पर कंट्रोल रूम में शफक्कत और कुरबान की ड्यूटी रहेगी। इसके अलावा सीएचसी शामली, कांधला और कैराना में 24 घंटे चिकित्सक की तैनाती रहेगी। वहीं, बिजली आपूर्ति के लिहाज से खेड़ीकरमू बिजलीघर पर दो अधिशासी अभियंता मौजूद रहेंगे, तो एक अधिशासी अभियंता अपने दयानंदनगर स्थित कार्यालय पर मौजूद रहेंगे।