मदरसा बोर्ड की परीक्षा के लिए जिले में बने दो केंद्र
शामली। प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद की परीक्षाएं कराने के लिए जिले में दो परीक्षा केंद्र चयनित किए गए हैं। संभवत: अप्रैल माह में मदरसा बोर्ड की परीक्षाएं होनी है, जिसकी तैयारियों को लेकर कवायद प्रारंभ कर दी गई है।
बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेेश मदरसा शिक्षा परिषद की परीक्षा निर्धारण समिति की बैठक हुई। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा गुणवत्ता एवं विश्वसनीयता के साथ संपन्न कराई जाए। समिति ने जाकिर मेमोरियल इंटर कॉलेज कैराना तथा धीरज सिंह इंटर कॉलेज गढीअब्दुल्ला को परीक्षा केंद्र चयनित किया। मदरसा शिक्षा परिषद के मुंशी, मौलवी आलिम, कामिल एवं फाजिल की वर्ष 2018 की परीक्षा इन दोनों परीक्षा केंद्रों पर संपन्न कराई जाएंगी। जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग अधिकारी प्रसून राय ने बताया कि जिले में मान्यता प्राप्त 46 मदरसे हैं, जिनके 318 बच्चे परीक्षा में भाग लेंगे। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रेनू तिवारी, अपर पुलिस अधीक्षक जगदीश शर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर और जिला विकास अधिकारी बलराम कुमार आदि मौजूद रहे।
डिजिटल पेमेंट के लिए होगी कार्यशाला
शामली। जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि शासन की मंशा के अनुसार डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा दिए जाने के लिए 26 फरवरी को कलक्ट्रेट सभागार में कार्यशाला होगी। कार्यशाला का उद्देश्य जनसेवा केंद्रों के माध्यम से आम जनमानस को डिजिटल पेमेंट हेतु सजग एवं जागरूक करना है।
होली के मद्देनजर जिला स्तरीय बैठक आज
शामली। होली के त्योहार के मद्देनजर शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में होगी। डीएम और एसपी के साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे। अपर जिलाधिकारी केबी सिंह ने बताया कि त्योहार के मद्देनजर व्यवस्थाएं ठीक रखने सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा होगी।