कथावाचक सुमित कृष्ण ठाकुर महाराज ने कहा मानव धर्म से पथ भ्रष्ट हो रहा है। सनातन धर्म की मानमर्यादा सभ्यता, संस्कृति, संस्कारों का हनन हो रहा है। हमें पाप के लिए प्रेरणा की आवश्यकता नहीं, लेकिन पुण्य के लिए प्रेरित करना पड़ता है। हम सभी को हनुमान जी के चरित्र से प्रेरणा लेकर सेवा धर्म, भक्ति भाव का अनुसरण करते हुए धर्म पथ पर चलते हुए सभ्य, संस्कारी और उन्नतिशील बनना है।
शुक्रवार को तीन दिवसीय अखंड पारायण पाठ के अंतिम दिन विश्वकर्मा मंदिर में श्रीकृष्ण प्रणामी धर्म के युवा संत सुमित कृष्ण ठाकुर महाराज ने कहा भक्ति के माध्यम से जैसे सबरी माता ने श्री राम के दर्शन कर मोक्ष प्राप्त किया। वैसे ही हमें सजग भक्ति करते हुए ईश्वर दर्शन की ओर प्रयासरत रहना चाहिए। इसके लिए कथा सत्संग श्रवण सब से सरल तरीका है। ईश्वर दर्शन अथवा ज्ञान हो जाने के पश्चात मन में प्रकाश फैल जाता है और अंधकार यानि बुराइयां स्वयं समाप्त हो जाती हैं।
गुरु के बताए मार्ग पर चलने से मानव मन को उर्ध्वगति प्राप्त हो जाती है। जब आत्मा और मन एक हो जाते हैं तब ईश्वर से मिलन हो जाता है । सुमित कृष्ण ठाकुर महाराज ने प्रणामी गुरु प्राण नाथ को कलयुग में अवतार बताते हुए विस्तार से प्रणामी संप्रदाय के विषय में बताया। तीन दिवसीय कार्यक्रम की समाप्ति पर भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रणामी आश्रम से आए कृष्णा दास महाराज श्यामदास महाराज ने भी विचार रखे। इस दौरान राजेंद्र कुमार ,रणवीर सिंह, कमलसैनी, सतेंद्र चौधरी, नीरज शर्मा, नरेंद्र सैनी, अनिल शर्मा, प्रवीण कुमार माढ़, विकास सैनी, संजीत गर्ग, विशेष कांबोज, अमन धीमान आदि मौजूद रहे।