आरके इंटर कॉलेज में योग शिविर जारी रहा। डीएम और जिला विकास अधिकारी ने भी शिविर में भाग लेकर प्रशिक्षण लिया। योगाचार्य ने सभी साधकों को योगिंग जोगिंग और सूर्य नमस्कार का अभ्यास कराया।
आरके इंटर कॉलेज में आयुष मंत्रालय के तत्वावधान में चल रहे 30 दिवसीय योग शिविर का 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर समापन होगा। शनिवार को योग शिविर में डीएम इंद्र विक्रम सिंह और जिला विकास अधिकारी बलराम कुमार ने भी भाग लेकर योगासन की क्रियाएं की। उन्होंने सभी साधकों को भारतीय योग पद्वति के बारे में विस्तार से बताते हुए बच्चों से स्वास्थ्यवर्धक खान पान के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि हमारा भोजन, दिनचर्या, रहन सहन ही हमारे मन और शरीर पर सीधा प्रभाव डालता है। आज के समय में पौष्टिक भोजन के बिना कोई भी बीमारी से नहीं बच सकता।
योगाचार्य श्रीपाल धामा ने सभी साधकों को योगिंग जोगिंग द्वारा वार्म-अप कराया। इसके बाद सभी को सूर्य नमस्कार का अभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि सूर्य नमस्कार ही एक ऐसा आसन है जिसे नियमित करने से शारीरिक और मानसिक विकार दूर हो जाते है। प्रधानाचार्य लोकेंद्र कुमार ने डीएम और जिला विकास अधिकारी का शिविर में पहुंचने पर स्वागत किया। इस दौरान डाक्टर सुशीला, अनिल चौहान, इंद्रपाल, नरेंद्र, सहदेव, रूपा, सुमन, सुनीता, सरला आदि मौजूद रहे।