शहीदों के परिजनों को आर्थिक मदद दी
अमर उजाला ब्यूरो
शामली। दिल्ली की सामाजिक संस्था इंद्रप्रस्थ एकता परिवार ने दोनों शहीद जवानों के आवास पर पहुंचकर शोक संतृप्त परिवार को ढांढस बंधाया और उन्हें आर्थिक मदद स्वरूप एक-एक लाख रुपये के चेक भेंट करते हुए उन्हें संस्था की तरफ से सहायता का भरोसा दिलाया।
सोमवार को दिल्ली की सामाजिक संस्था इंद्रप्रस्थ एकता परिवार के उपाध्यक्ष चौधरी ब्रह्मपाल सिंह, महासचिव सुरेंद्र भोला, सचिव सुभाष आहूजा और संजय सोलंकी पुलवामा हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ के जवान अमित कोरी के आवास मोहल्ला रेलपार में पहुंचे। संस्था के पदाधिकारियों ने शोक संतृप्त परिवार से बातचीत कर उनका दुख साझा किया। इसके बाद उन्होंने शहीद के पिता सोहनपाल के नाम एक लाख रुपये का चेक भेंट करते हुए संस्था की तरफ से मदद का भरोसा दिलाया। इसके बाद संस्था के पदाधिकारी कस्बा बनत में शहीद प्रदीप कुमार के आवास पर पहुंचे। शहीद जवान प्रदीप को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए संस्था के पदाधिकारियों ने शहीद के पिता जगदीश प्रजापति, छोटे बेटे विजयंत और परिवार के अन्य लोगों से मिलकर उन्हें सांत्वना देते हुए ढांढस बंधाया। संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि पुलवामा हमले में शहीद हुए जवानों के प्रति संस्था की पूरी सहानुभूति है। संस्था के पदाधिकारियों ने मदद स्वरूप शहीद जवान प्रदीप की पत्नी शर्मिष्ठा के नाम एक लाख रुपये का चेक भेंट किया।