हाईस्कूूल की छात्राओं को बांट दिया गलत प्रश्नपत्र
शामली। सत्यनारायण इंटर कालेज की छात्राओं ने डीआईओएस को भेजी शिकायत में शनिवार की हाईस्कूल की परीक्षा में गलत विषय का प्रश्नपत्र छात्राओं को वितरित करने का आरोप लगाया है।
सोमवार को सत्यनारायण इंटर कालेज की छात्रा ईशा, पूजा रानी, दिव्याशी, पूजा कश्यप आदि ने जिला विद्यालय निरीक्षक अनुराधा शर्मा को शिकायत करके दावा किया कि वह सभी सत्यनारायण इंटर कालेज की हाईस्कूल की छात्रा हैं, जिनका परीक्षा केंद्र हिंदू कन्या इंटर कालेज बनाया हुआ है। छात्राओं के मुताबिक शनिवार 16 फरवरी को उनका हाईस्कूल गणित का प्रथम पारी में प्रश्नपत्र था, मगर उन्हें प्रारंभिक गणित का प्रश्न पत्र बांट दिया गया। आरोप है कि छात्राओं का प्रवेश पत्र मंगवाया गया। दो घंटे बाद गणित का प्रश्नपत्र दिया गया। छात्राओं का आरोप है कि विद्यालय की ओर छात्राओं से एक प्रश्नपत्र पर हस्ताक्षर कराए। छात्राओं ने न्याय की गुहार लगाई है। सत्यनारायण इंटर कालेज के प्रधानाचार्य अनिल शर्मा ने बताया कि गलत प्रश्नपत्र देने का खुलासा सोमवार को छात्राओं के परिजनों ने विद्यालय में जानकारी दी थी। अभिभावकों को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में शिकायत करने को कहा था। हिंदू कन्या इंटर कालेज की अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक रेेशु मलिक ने कहा कि इस सवाल का जवाब केंद्र व्यवस्थापक विद्यालय प्रधानाचार्य जवाब दे सकती हैं। इस संबंध में प्रधानाचार्य ने मोबाइल पर बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन संभव नहीं हो सका। इस संबंध में हिंदू कन्या इंटर कालेज के प्रबंधक मुनेश कुमार सगल ने बताया कि वह शामली से बाहर हैं, प्रधानाचार्य उनका मोबाइल नहीं उठा रही है। शामली आकर विद्यालय की प्रधानाचार्य से पूछताछ करके जानकारी ली जाएगी।