जलालाबाद/ऊन/गढ़ीपुख्ता। कस्बा और देहात में शिवरात्रि का पर्व बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। शिवालयों में जलाभिषेक करने के लिए सुबह से ही भीड़ उमड़ पड़ी। जगह-जगह हवन और भंडारे का आयोजन हुआ।
जलालाबाद में सुबह से ही शिवालयों में शिवभक्तों का तांता लगना शुरू हो गया। कांवड़ियों ने मराठा कालीन शिव मंदिर जाल वाला, देवतेश्वर महादेव मंदिर, शिव आश्रम मीठी कुई, शिव मंदिर गांधी चौक में बारिश के बीच भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। पूरा वातावरण बम-बम हर-हर के जयघोष से शिवमय हो गया। गांधी चौक स्थित शिव मंदिर के प्रांगण में चल रही शिव महापुराण कथा में कथा व्यास स्वामी विवेकानंद महाराज ने शिव- पार्वती विवाह का मार्मिक प्रसंग सुनाकर सभी श्रोताओं को अभिभूत किया। कथा के उपरान्त 108 दीपक जलाकर भगवान भोलेनाथ की आरती की गई। कार्यक्रम में बोधराज नारंग, श्याम सुंदर, देवेंद्र शर्मा, राजकुमार रूहेला, बाबूराम नायक, मांगेराम, राधेश्याम शर्मा, शोभराम राजेंद्र भगत आदि का सहयोग रहा। वहीं दुर्गा भवानी मंदिर में हवन व भंडारे का आयोजन किया गया।
उधर, गढ़ीपुख्ता कस्बे और क्षेत्र के गांव ताना, पुरमाफी, मालैंडी, पेलखा, दुल्ला खेड़ी, गढ़ी अब्दुल्ला खां आदि गांव में शिवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया। मंदिरों में बम भोले बम के जयकारे गूंजे। शिव मंदिरों में कांवड़ियों व श्रद्धालुओं द्वारा सुबह से लेकर शाम तक शिव मंदिरों में जलाभिषेक किया। मंदिरों में सुरक्षा के इंतजाम किए गए। प्राचीन शिव मंदिर गढ़ीपुख्ता में भजन कार्यक्रम का आयोजन किया यगा। वहीं नगर पंचायत ऊन व क्षेत्र के गांव में भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। नगर पंचायत ऊन में सुनारों वाला शिव मंदिर में उप जिलाधिकारी कृष्णपाल तोमर, तहसीलदार प्रवीण कुमार ने जलाभिषेक कर पूजा अर्चना की। क्षेत्र के गांव हथछोया में खंडेश्वर शिव मंदिर पर श्रद्धालुओं द्वारा सुबह से लेकर शाम तक शिवलिंग पर जलाभिषेक का जमावड़ा रहा। पिंडौरा, जहांगीरपुर, सांपला, गागौर बझेड़ी ढिंढाली, नोनांगली, भमेड़ी शाहपुर आदि गांव के शिव मंदिरों में भी जलाभिषेक किया गया।