राशन कार्ड के लिए लगाए गए कैंप में आए 667 आवेदन
शामली/थानाभवन।
प्रदेश के गन्ना राज्यमंत्री सुरेश राणा के आदेश के बाद आपूर्ति विभाग की ओर से लगाए गए शिविर में कुल 667 परिवारों ने राशन कार्ड के लिए आवेदन किया। साथ ही कई लोगों ने खाद्य विभाग के अधिकारियों से राशन डीलरों की शिकायत भी की।
रविवार को राज्यमंत्री के आदेश पर नगर पंचायत सभागार में राशन कार्ड के लिए शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान 667 परिवारों ने राशन कार्ड के लिए पूर्ति निरीक्षक को आवेदन किया। इनमें नगरीय क्षेत्र के जहां 325 परिवार, वहीं ग्रामीण क्षेत्र के 342 परिवारों ने आवेदन किया। इस दौरान अधिकारियों ने लोगों के आवेदन की त्रुटियां ठीक कराकर फार्म जमा किए। शिविर के उद्घाटन मौके पर प्रदेश के गन्ना राज्यमंत्री सुरेश राणा ने कहा कि भाजपा सरकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है। लोगों की समस्या को देखते हुए ही राशन कार्ड के लिए शिविर का आयोजन किया गया है। पूर्ति निरीक्षक वैशाली अहलावत ने बताया कि जिन लोगों ने आवेदन किए हैं, एक माह के भीतर सभी को जांच करके राशन कार्ड जारी कर दिए जाएंगे। इस अवसर पर जिला आपूर्ति अधिकारी ओमहरि उपाध्याय, पूर्ति निरीक्षक वैशाली अहलावत, दीपा वर्मा, कंवर सिंह आदि मौजूद रहे।
जनता दर्शन में समस्याएं सुनीं
थानाभवन। प्रदेश के गन्ना राज्यमंत्री ने नगर पंचायत में ही जनता दर्शन कर लोगों की समस्याएं भी सुनीं। लोगों ने अपनी समस्याएं मंत्री को सुनाते हुए शीघ्र समाधान की मांग की। कार्यक्रम में मंत्री ने समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।