शामली। ऑल टीचर्स एंपलाइज वेलफेयर एसोसिएशन (अटेवा) की बैठक में पुरानी पेंशन योजना बहाली के लिए 30 अप्रैल को दिल्ली में होने वाली महारैली की रणनीति तय की गई। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षकों की मांगों को पूरा नहीं किया गया, तो वह दिल्ली में आर-पार की लड़ाई का निर्णय लेंगे। रविवार को शामली नगर पालिका परिषद के सभागार में हुई बैठक में अटेवा के प्रदेश संगठन मंत्री चंद्रहास, मंडल अध्यक्ष तालिब हसन ने बताया कि पुरानी पेंशन योजना बहाली के लिए 30 अप्रैल को दिल्ली में महारैली होगी, जिसमें भारी संख्या में शिक्षक पहुंचेंगे। जिला संयोजक नवनीत कुमार ने नई पेंशन योजना में व्याप्त खामियों पर प्रकाश डाला। बैठक में संजय यादव, विनय त्यागी, चौधरी वासिल, अरुण सैनी, अमित कुमार, अनुराग यादव, साजिद अली, विजय पांडे, रणविजय, मंजीत सिंह, बाबूलाल और सत्येंद्र गौतम आदि मौजूद रहे। बैठक में जनपद और ब्लाक स्तरीय कार्यकारिणी के गठन पर भी विचार विमर्श किया गया।