मेरठ करनाल हाइवे से बिड़ौली चौसाना मार्ग पर रेत से ओवरलोड लदे वाहन दौड़ रहे हैं। रात में चलने वाले इन ट्रकों के खिलाफ पुलिस के साथ ही परिवहन अधिकारी भी कार्रवाई नहीं कर पा रही है। यमुना नदी से खनन कर रेत से लदे डंफर और ट्रकों के अलावा हरियाणा की तरफ से डस्ट और रोडी से लदे वाहन मेरठ करनाल हाइवे से बिड़ौली चौकी से होते हुए सहारनपुर और मुजफ्फरनगर जिले की तरफ निकल रहे हैं। उसके लिए बिड़ौली-चौसाना मार्ग का इस्तेमाल हो रहा है। चौसाना चौकी इंचार्ज सतपाल सिंह का कहना है कि अभी उन्होंने दो दिन पूर्व ही चौसाना चौकी का कार्यभार ग्रहण किया है। क्षेत्र में किसी भी स्थान पर यमुना नदी से अवैध रेत खनन नहीं हो रहा है और न ही होने दिया जाएगा। ओवरलोडिंग करने वालों के खिलाफ चेकिंग कर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिसकर्मियों की तैनाती नियमानुसार कराने की मांग
झिंझाना। पुलिस महानिदेशक को पत्र भेजकर झिंझाना निवासी समाजसेवी धर्मवीर सरोहा ने चौकी और चेकपोस्टों पर नियमानुसार पुलिसकर्मियों की तैनाती कराने की मांग की है। धर्मवीर सिंह ने डीजीपी को भेजे पत्र में कहा है कि मेरठ करनाल हाइवे पर बिड़ौली चेकपोस्ट पर नौ और अहमदगढ़ चौकी पर 11 पुलिसकर्मी तैनात है। जबकि रिपोर्टिंग चौकी ऊन पर दो दरोगा एक चालक दो मुंशी सहित कुल 16 लोग तैनात है। वहीं, चौसाना चौकी पर तीन दरोगा, दो मुंशी, एक चालक सहित 16 पुलिसकर्मियों की तैनाती है। धर्मवीर सिंह का कहना है कि रिपोर्टिंग चौकी पर पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए। इस संबंध में थाना प्रभारी संदीप बालियान का कहना है कि चौकी और चेकपोस्ट पर पुलिसकर्मियों की तैनाती नियमानुसार ही अधिकारियों के निर्देश पर होती है।
हरियाणा पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप
झिंझाना। हरियाणा पुलिस ने चोरी का मोबाइल और लैपटॉप बरामद करने के लिए दो दिन पूर्व ही झिंझाना कस्बे से एक मोबाइल विक्रेता सहित दो व्यापारियों को पकड़ लिया था। उनमें से एक व्यापारी को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। व्यापार मंडल अध्यक्ष विनोद संगल ने बताया कि हरियाणा पुलिस व्यापारियों का उत्पीड़न कर रही है। बुधवार को व्यापार मंडल झिंझाना थानाध्यक्ष से मुलाकात कर मांग करेगा कि हरियाणा पुलिस यदि किसी व्यापारी को पकड़ने आती है, तो पहले व्यापारियों को भरोसे में लिया जाना चाहिए। क्योंकि बगैर किसी गुनाह के व्यापारी को पकड़कर ले जाने से व्यापारी का उत्पीड़न होता है।