शामली । बृहस्पतिवार को भारतीय अति पिछड़ा वर्ग संघर्ष मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहन प्रजापति के नेतृत्व में टोड़ा गांव के लोगों ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन डीएम इंद्र विक्रम सिंह को सौंपा। बताया कि टोड़ा गांव निवासी लोकेंद्र और अन्य व्यक्ति के बीच आपसी कहासुनी हो गई थी। सूचना पर पहुंचे 100 डायल के सिपाहियों ने लोकेंद्र के घर में घुसकर बेरहमी से पिटाई की, जो एक निजी अस्पताल में भर्ती है। पीड़ित के पिता ने चौकी चौसाना प्रभारी से मिलकर रिपोर्ट दर्ज कराने की गुहार लगाई, लेकिन उसे भगा दिया गया। लोकेंद्र को बेरहमी से पिटने पर प्रजापति समाज में रोष हैं। अध्यक्ष मोहन प्रजापति ने आरोप लगाया कि इस मामले में सीओ कैराना, झिंझाना थाना प्रभारी और एसपी शामली से मिल चुके है, जो आरोपी पुलिस कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई से बच रहे है। आरोपी पुलिस कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। कार्रवाई न होने पर पुलिस के विरुद्ध आंदोलन की चेतावनी दी है। इस मौके पर विजय प्रजापति, राजीव प्रजापति, नरेंद्र कश्यप, बाबूराम सुरेंद्र, विनोद, भरत, सुशील, राजवीर, नेपाल, चेतन, राम सिंह, जगमेर, राहुल आदि मौजूद रहे।