105 वाहन मालिकों ने 35 लाख रुपये बकाया कर जमा कराया
शामली। परिवहन विभाग की एकमुश्त योजना का 37 दिन में मात्र 105 वाहन मालिकों ने लाभ लिया है। इन वाहन मालिकों ने अपने वाहनों पर बकाया टैक्स के 34 लाख 99 हजार रुपये जमा कराया है। जिले में 2428 वाहन मालिकों पर चार करोड़ 90 लाख रुपये टैक्स बकाया था। योजना के अंतिम तिथि 26 अगस्त है।
शासन ने एक अप्रैल 2020 से पहले के व्यवसायिक वाहनों पर बकाया टैक्स में ब्याज की शत प्रतिशत छूट देते हुए एकमुश्त योजना 27 जून से शुरू की थी। उस समय जिले में 2428 वाहन मालिकों पर चार करोड़ 90 लाख रुपये टैक्स बकाया था। योजना का लाभ लेने वाले वाहन मालिकों पर पहले एक हजार रुपये शुल्क के साथ आवेदन पत्र जमा करना है। परिवहन विभाग की इस योजना का प्रचार प्रसार किया जा रहा है, लेकिन वाहन मालिक बकाया टैक्स जमा करने में रुचि नहीं ल रहे हैं। परिवहन विभाग भी बकाया टैक्स वसूल करने में पिछड़ रहा है। अब तक की स्थिति देखे तो 37 दिन पहले शुरू हुई एक मुश्त योजना के लिए मंगलवार तक 118 वाहन मालिकों ने आवेदन पत्र जमा किए हैं, जिनमें से 105 वाहन मालिक इस योजना का लाभ ले चुके हैं। इन वाहन मालिकों ने विभाग में 34 लाख 99 हजार रुपये बकाया टैक्स जमा कराया है। इस योजना में आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 26 अगस्त निर्धारित है। इस स्थिति में देखे तो बकाया टैक्स जमा करने का लक्ष्य पूरा करना विभाग के लिए आसान नहीं है जबकि शासन के निर्देश शत प्रतिशत बकाया टैक्स वसूल करने के दिए गए हैं। एआरटीओ रोहित राजपूत ने बताया कि एक मुश्त योजना में एक अप्रैल 2020 से पूर्व के पंजीकृत व्यवसायिक वाहनों पर बकाया टैक्स पर ब्याज में शत-प्रतिशत की छूट दी गई है। योजना का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। वाहन मालिक अपने वाहनों का बकाया टैक्स जमा कर योजना का लाभ ले सकते हैं।