एसपी के गोद लिए प्राथमिक स्कूल की कायापलट की तैयारी
अमर उजाला ब्यूरो
शामली। एसपी के गोद लिए गए प्राथमिक विद्यालय-13 में रंगाई-पुताई का कार्य शुरू हो गया है। एसपी ने इस विद्यालय को गोद लेकर इसका सुधार कराने का संकल्प लिया है। एसपी और बीएसए ने प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया और बच्चों से बातचीत कर शिक्षा की गुणवत्ता परखी।
एसपी अजय कुमार ने नववर्ष पर एक प्राथमिक विद्यालय को गोद लेेकर उसका सुधार कराने और बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने का संकल्प लिया था। एसपी ने नए साल के पहले सप्ताह में ही प्राथमिक विद्यालय-13 को गोद लेने की घोषणा की थी। एसपी ने उस दिन विद्यालय पहुंचकर निरीक्षण करते हुए वहां की जरूरतों के बारे में जानकारी ली थी। मंगलवार को एसपी और बीएसए गीता वर्मा ने विद्यालय का निरीक्षण किया। एसपी ने बताया कि विद्यालय में सुधार कार्य के लिए चार चरण बनाए गए हैं। पहले चरण का कार्य विद्यालय की रंगाई पुताई का कार्य शुरू हो गया है। दूसरे चरण का कार्य फर्नीचर का आर्डर दिया जा चुका है। तीसरे चरण में विद्यालय में टाइल्स और चौथे चरण में विद्यालय की जर्जर छत की मरम्मत कराई जाएगी। यह सब कार्य जनसहयोग से कराया जाएगा। बीएसए गीता वर्मा ने बताया कि एसपी के प्रयास से विद्यालय में सुधार कार्य शुरू हो गया है। इस दौरान एसपी ने बच्चों से बातचीत कर और पहाड़े आदि सुनकर शिक्षा की गुणवत्ता परखी। इस दौरान कक्षा दो के बच्चे ने एसपी को 21 तक पहाड़े भी सुनाए। एसपी ने बच्चों की प्रतिभा को देखते हुए प्रशंसा की।