अमर उजाला ब्यूरो
शामली/थानाभवन। जिले के विभिन्न थानों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कुछ शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया जबकि अन्य में फरियादियों को शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
शनिवार को थानाभवन थाने में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कस्बा इंचार्ज धर्मेंद्र यादव और नायब तहसीलदार सुरेंद्र सिंह ने जन सुनवाई की। हसनपुर लुहारी के ग्राम प्रधान के पति सतीश सैनी ने बताया कि उनके गांव में कुछ लोगों ने कब्रिस्तान की भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर रखा है। शिकायत के बाद राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और भूमि की पैमाइश की। कानूनगो रुपराम ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद मसावी के कुछ ग्रामीणों ने समाधान दिवस में कब्रिस्तान की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की। गांव के पटवारी सुलेख चंद ने बताया कि जांच के बाद कब्जा करने वालों के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। उधर, शामली में भी समाधान दिवस में समस्याएं सुनी गई। इंस्पेक्टर के अनुसार दोनों शिकायतें लेखपाल से संबंधित थी। दोनों को तहसील भेज दिया गया है।
कैराना और कांधला एसडीओ को कारण बताओ नोटिस
कैराना। ज्वाइंट मजिस्टेट डा अमित पाल शर्मा की अध्यक्षता में कैराना और कांधला दोनों ही जगह संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। एसडीएम ने बताया कि दोनों ही जगहों पर विद्युत निगम के एसडीओ नहीं पहुंचे। जिस कारण दोनों एसडीओ को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इस दौरान कृषि भूमि पर अवैध कब्जों से संबधित मात्र चार शिकायतें आई, जिनमें से किसी भी शिकायत का मौके पर निस्तारण नहीं कराया जा सका। सभी शिकायतों के समाधान के लिए लेखपालों को जांच कर रिपोर्ट देने को कहा गया है।
बस का चालान
कैराना। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अमित पाल शर्मा और सीओ राजेश कुमार तिवारी शनिवार की सुबह सरकारी गाड़ी से कांधला थाने जा रहे थे। इस दौरान कांधला रोड पर एक सवारी बस को यात्रियों से भरा देखा। सवारियां खिड़की से लटक रही थी। उन्होंने बस को थाने लाकर चालान कर दिया।