कांधला। कस्बा में गणेश विसर्जन के लिए भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया।
रविवार को कस्बा कांधला स्थित श्री सूरज कुंड तालाब वाले मंदिर से शोभायात्रा का शुभारंभ सपा एमएलसी वीरेंद्र सिंह ने किया। शोभायात्रा मोहल्ला रायजादगान, लक्ष्मी नारायण मंदिर, मैन बाजार, जैन स्थानक, गंगेरू रोड आदि मार्गों से होते हुए पूर्वी यमुना नहर स्थित श्री नीलकंठ दुर्गा मंदिर पर जाकर शोभायात्रा का समापन हुआ। इस दौरान जगह-जगह पुष्प वर्षा की गई। शोभायात्रा में गणेश, राधा कृष्णा की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। डीजे, बैंडबाजे के साथ भजनों पर झूमते हुए श्रद्धालु चल रहे थे। इसके बाद पूर्वी यमुना नहर पर पहुंचकर गणेश मूर्तियों का विसर्जन किया गया। शामली से भाजपा विधायक तेजेंद्र निर्वाल भी समर्थकों के साथ गणपति प्रतिमा विसर्जन के कार्यक्रम में शामिल हुए। वहीं, शनिवार रात मंदिर प्रांगण में भजन संध्या का आयोजन किया गया। जिसमें हरियाणा, दिल्ली व राजस्थान से आए कलाकारों ने सुंदर भजन सुनाए। कार्यक्रम में विनोद प्रमुख, सतबीर सिंह पूर्व प्रमुख, तनुज, जितेंद्र सैनी, दीपक शर्मा, बलराम सैनी, वरुण जैन, विजय शर्मा, पंडित शशि भूषण शर्मा सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।