डीएम ने कहा कि 20 अगस्त तक गरीब को अन्न योजना पखवाड़ा मनाया जाएगा। पर्यवेक्षणीय अधिकारियों की उपस्थिति में राशन का वितरण होगा। वंचित पात्रों को चयनित करके राशन वितरण का लाभ दिलाया जाएगा तथा फर्जी नाम काटे जाएंगे।
सोमवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक के दौरान जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि गरीब को अन्न योजना के अंतर्गत खंड विकास अधिकारी और जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा सत्यापन भी किया जाएगा। यदि अपात्रों के नाम योजना में शामिल पाए जाएंगे, तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। योजना के तहत ग्राम सभा स्तरीय सतर्कता समिति की बैठकें छह से 11 अगस्त तक होंगी, जबकि ब्लाक स्तर पर 12 एवं 13 अगस्त को और जिला स्तरीय सतर्कता समिति की बैठक 14 अगस्त को आयोजित की जाएंगी। यदि कहीं पर भी राशन वितरण में गड़बड़ी मिलेगी, तो संबंधित राशन डीलर के साथ ही पर्यवेक्षणीय अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि अभी तक नगरीय क्षेत्रों में ई पोस मशीनों के जरिये राशन वितरण किया जा रहा है, जबकि सितंबर से ग्रामीण क्षेत्र में भी ई पोस मशीन से ही राशन वितरण होगा।
ग्रामीण क्षेत्र में लगने वाली ई पोस मशीनें पहले से ज्यादा बेहतर होंगी। क्योंकि मशीन में फिंगर प्रिंट के अलावा रेटीना के आधार पर भी पहचान करके राशन दिया जा सकेगा। राशन डीलरों को दो-दो सिम कार्ड दिए जाएंगे तथा अलग से एंटीना भी दिया जाएगा, ताकि नेटवर्क की परेशानी न रहे। इस दौरान जिला पूर्ति अधिकारी ओम हरि उपाध्याय ने बताया कि जिले में 474 राशन की दुकानें हैं, जिनमें नगरीय क्षेत्र में 116 और ग्रामीण क्षेत्र में 358 दुकानें हैं। जिले भर में अंत्योदय के 14765 और पात्र गृहस्थी के 193019 कार्डधारक हैं। बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गीता वर्मा के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।