राशन की दो दुकानों का आवंटन
कैराना।
गांव गोगवान में निलंबित चल रही दो राशन की दुकानों के आवंटन के लिए खुली बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों व भारी पुलिस की मौजूदगी में दोनों दुकान के आवंटन के लिए मतदान कराया गया।
शनिवार को खंड विकास अधिकारी गोपाल कृष्ण चौधरी की अध्यक्षता में ग्राम गोगवान में स्थित मदरसा इस्लामिया स्कूल में निलंबित चल रही राशन की दो दुकानों के आवंटन के लिए खुली बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में एक दुकान के लिए सुरेंद्र कश्यप व सालिम ने आवेदन पत्र दिए, इसमें सुरेंद्र को 763 व सालिम को 593 मत प्राप्त हुए। सुरेंद्र विजयी हो गए। वहीं, दूसरी दुकान पर साजिद व साजिम के आवेदन पत्र प्राप्त हुए। इनमें साजिद को 763 मत मिले, जबकि साजिम को केवल 2-3 मत मिलने से पराजित होना पड़ा। बैठक का संचालन ग्राम पंचायत सचिव धर्मसिंह ने किया। इस मौके पर ब्लॉक के तमाम सहायक खंड अधिकारी, गांव प्रधान गुलशन सहित सुरक्षा की दृष्टि से भारी पुलिस फोर्स तैनात रहा।