जनपद के राजकीय मॉडल इंटर कॉलेजों में अब शिक्षकों की कमी नहीं रहेगी। पदों को भरने के लिए कॉलेजों से रिटायर्ड हुए शिक्षकों से भरपाई की जाएगी। इसके लिए 10 मई तक आवेदन मांगे गए हैं। जिसके बाद जनपदीय समिति के द्वारा साक्षात्कार के माध्यम से शिक्षकों का चयन किया जाएगा।
नवीन शैक्षिक सत्र से जनपद में पंडित दीनदयाल राजकीय मॉडल इंटर कॉलेजों के नाम से तीन इंटर कॉलेज संचालित हुए हैं। जिसमें एक कॉलेज कांधला क्षेत्र के गांव आल्दी, दूसरा कैराना क्षेत्र के गांव तीतरवाड़ा और तीसरा ऊन में शुरू हुआ। जिनको संचालित कराने के लिए फिलहाल जिला विद्यालय निरीक्षक ने अन्य राजकीय कॉलेजों व एडेड कॉलेजों से दो-दो शिक्षकों को तैनात किया है। बृहस्पतिवार को जिला समन्वयक मदनपाल ने बताया कि शासन ने इन कॉलेजों में बचे हुए रिक्त पदों को रिटायर्ड शिक्षकों से भरने का फैसला लिया है। तीनों कॉलेजों में रिक्त पदों पर रिटायर्ड शिक्षकों भरपाई की जाएगी। रिटायर्ड शिक्षकों से आवेदन मांगे गए हैं। इच्छुक शिक्षक 10 मई तक डीआईओएस कार्यालय से आवेदन पत्र लेकर जमा करा सकते हैं। सभी को 11 माह के मानदेय पर रखा जाएगा। रिटायर्ड प्रवक्ता को 20 हजार रुपये प्रतिमाह और सहायक शिक्षक को 15 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। जिन शिक्षकों की आयु एक मई 2018 तक 70 वर्ष की आयु पूरी नहीं हुई है वह सभी शिक्षक आवेदन पत्र भर सकते हैं। आवेदन के बाद जनपदीय समिति के द्वारा शिक्षकों की साक्षात्कार परीक्षा आयोजित कराते हुए शिक्षकों का चयन किया जाएगा। सभी शिक्षकों को आवेदन पत्र के साथ नियुक्ति पत्र की छाया प्रति, पीपीआ आदेश की प्रमाणित छाया प्रति, समस्त शैक्षिक प्रमाण पत्रों की प्रमाणित छाया प्रति लगानी होगी।