शामली। संविधान निर्माता बाबा साहेब डाक्टर भीमराव आंबेडकर का जन्मोत्सव हर्षोल्लास से मनाया गया। भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शहर के प्रमुख मार्गों से निकली शोभायात्रा का विभिन्न स्थानों पर स्वागत हुआ।
शामली में ब्लाक रोड स्थित आंबेडकर छात्रावास से शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। शोभायात्रा में संविधान की किताब हाथ में लिए डाक्टर भीमराव आंबेडकर, झलकारी बाई, महर्षि वाल्मीकि सहित कई झांकियों के अलावा सुप्रीम कोर्ट को प्रदर्शित करने वाली झांकी भी शामिल रही, जिसमें दो बच्चों को न्यायमूर्ति बनाकर बैठाया गया था। शोभायात्रा शहर के मोहल्ला कलंदरशाह, नंदू प्रसाद, बरखंडी, अजुध्या चौक, बड़ा बाजार, गांधी चौक, शिव चौक से होते हुए एमएसके रोड और वीवी इंटर कॉलेज रोड, फव्वारा चौक से अजंता चौक पर पहुंची। वहां बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद बुढ़ाना रोड, हनुमान रोड, कोतवाली रोड से होते हुए वापस शिवचौक से भिक्की मोड और बैंड मार्केट होते हुए वापस छात्रावास पर पहुंचकर शोभायात्रा का समापन हुआ। शोभायात्रा में सबसे पीछे रथवाली झांकी से प्रसाद का वितरण किया जा रहा था। इस दौरान महिपाल जाटव, सतेंद्र धीरयान, नीटू, अंकित, मनोज कुमार आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे। वहीं, शहर के मोहल्ला नंदू प्रसाद में वाल्मीकि पर घनश्याम पारचा और अन्य लोगों ने बाबा साहब का जन्मदिवस मनाया। एक दूसरे को मिठाई खिलाई गई।
उधर, कस्बा बनत में मोहल्ला आजाद नगर से बाबा साहब की जयंती पर शोभायात्रा निकाली गई। आजादनगर से शुरू होकर प्रेम नगर और अन्य मोहल्ले से गुजरते हुए रविदास आश्रम पर शोभायात्रा का समापन हुआ। इस दौरान विक्रांत बर्मन, आदेश कुमार, रामकुमार, मनीष, नीटू, बंटी, संजीव, संजय, नीरज, रविकांत, सागर, विशाल, कपिल और राजन आदि मौजूद रहे।
मुसलिम समाज के लोगों ने किया शोभायात्रा का स्वागत
शामली। जमीयत उलमा-ए हिन्द के पदाधिकारियों ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। शामली में फव्वारा चौक पर मौलाना आकिल के नेतृत्व के शोभायात्रा यात्रा का स्वागत किया। शोभायात्रा में आने वाले लोगों को मीठा शर्बत पिलाया और पुष्प वर्षा की गई। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने समाज में फैली बुराईयों को दूर करने के लिए अहम भूमिका निभाई है। इस दौरान मौलाना खुर्शीद, मौलाना तहसीन, कारी जुबैर, मौलाना उस्मान, हाजी कुतुबुदीन, हाजी अफजाल, डाक्टर ओमप्रकाश, अनवार आदि मौजूद रहे।