शामली। एक अप्रैल से शुरू होने वाली गेहूं खरीद के लिए विपणन विभाग ने तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं। गेहूं खरीद के दौरान पांच लाख बोरों की व्यवस्था की जाएगी। वहीं, गेहूं को गोदाम तक पहुंचाने के लिए ईं टेंडरिंग से वाहन जुटाए जाएंगे। सहारनपुर मंडल के सम्भागीय खाद्य नियंत्रक सरयू प्रसाद ने सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली जिले में गेहूं खरीद केंद्रों का निर्धारण कर दिया है। शामली जिले में खाद्य विभाग के शामली, थानाभवन मंडी, कैराना, झिंझाना, पीसीएफ के शामली मंडी, बाबरी, महावतपुुर, हसनपुर लुहारी, गढीअब्दुला खां, अंबेहटा याकूबपुर, हरड फतेहपुर, गंगेरू, इस्सोपुर खुरगान, ऊंचा गांव, भूरा, ऊन, दथेडा, गढ़ीपुख्ता, हथछोया, बल्ला माजरा, वेदखेड़ी और भारतीय खाद्य निगम का जलालाबाद में खरीद केंद्र बनेगा। संभागीय खाद्य नियंत्रक ने बताया कि गेहूं खरीद केंद्रों से गेहूं के उठान के लिए वाहनों का इंतजाम ई टेंडरिंग से किया जाएगा। इसके लिए 18 मार्च दोपहर 12 बजे तक ऑनलाइन टेंडर मांगे गए हैं। 19 मार्च को टेंडर खोले जाएंगे। जिले की डिप्टी आरएमओ निहारिका ने बताया कि एक अप्रैल से गेहूं खरीद केंद्र खोल दिए जाएंगे। खरीद केंद्रों को लेकर तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएंगी।