यूपी बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। डीआईओएस ने छह फरवरी से आयोजित होने वाली परीक्षाओं के लिए कक्ष निरीक्षकों का निर्धारण कर दिया है। जिसमें जिले के 33 परीक्षा केंद्रों पर 1131 कक्ष निरीक्षकों को लगाया जाएगा।
छह फरवरी से जनपद के 33 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली बोर्ड परीक्षा के लिए डीआईओएस कार्यवाहक चंद्रशेखर ने कक्ष निरीक्षकों की सूची तैयार करा दी है। परीक्षा के लिए कुल 1131 कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की है। जिसमें 511 कक्ष निरीक्षक परिषदीय, 411 कक्ष निरीक्षक वित्तविहीन कॉलेजों के साथ ही सबसे कम 209 कक्ष निरीक्षक बेसिक शिक्षा विभाग से लगाएं गए है। कार्यवाहक डीआईओएस ने सभी कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने अपने कॉलेजों के शिक्षकों को परीक्षा के लिए रिलीव कर दें। परीक्षा केंद्रों पर किसी भी कीमत पर कक्ष निरीक्षकों की कमी नहीं रहने दी जाएगी। परिषद के निर्देशों के अनुसार ही 30 परीक्षार्थियों पर दो कक्ष निरीक्षक और 60 परीक्षार्थियों पर तीन कक्ष निरीक्षक की ही तैनाती की जाएगी। बोर्ड परीक्षा में इस बार जनपद में 26752 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। जिसमें हाईस्कूल के 14175 और इंटरमीडिएट के 12577 छात्र छात्राएं परीक्षा देंगे।
डीआईओएस कार्यालय में बनेगा कंट्रोल रूम
परीक्षा के सफल संचालन के लिए डीआईओएस कार्यालय में ही कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। जिसका दूरभाष नंबर 01398250148 है। परीक्षा संबंधी कोई भी समस्या दर्ज नंबर पर शिकायत करते हुए बता सकते हैं।
अभी तक भी नहीं पहुंची जनपद में उत्तर पुस्तिकाएं
माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा के लिए जनपद में उत्तर पुस्तिकाएं भेजने में लापरवाही बरती जा रही है। अभी तक न तो हाईस्कूल और न ही इंटर की उत्तर पुस्तिकाएं नहीं पहुंची है। जिससे किसी भी परीक्षा केंद्र को उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण शुरु नहीं हो सका है। जबकि परीक्षा में केवल 13 दिन ही शेष रह गए है। हाईस्कूल और इंटर के सभी प्रश्नपत्र तीन बार में पहुंच गए है। कार्यवाहक चंद्रशेखर ने बताया कि उत्तर पुस्तिकाओं की डिमांड भेजी जा चुुकी है। जल्द ही उत्तर पुस्तिकाएं पहुंच जाएगी।
चार सचल दल करेंगे निगरानी
परीक्षा केंद्रों पर नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए चार सचल दलों का गठन किया गया है। यह सचल दल परीक्षा केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण करेंगे। हर सचल दल में पांच-पांच सदस्य शामिल रहेंगे। जिसमें तीन पुरुष व दो महिला शामिल रहेगी। जिससे छात्राओं की तलाशी लेने में कोई परेशानी न हो। तीन सचल दल डीआईओएस के अंडर व एक सचल दल बीएसए के अंडर में रहेगा। सभी सचल दलों में एक प्रभारी व चार सदस्य शामिल रहेंगे।
बोर्ड परीक्षा को लेकर तैयारियां अंतिम दौर में चल रही है। जल्द ही सभी तैयारियां पूूरी कर ली जाएगी। नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए चार सचल दलों का गठन किया गया है। कंट्रोल रूम को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं। - चंद्रशेखर कार्यवाहक डीआईओएस