कैराना(शामली)। राशन वितरित न करने और विरोध पर राशन डीलर द्वारा अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए इस्सोपुर खुरगान के ग्रामीणों ने तहसील में प्रदर्शन किया। राशन डीलर के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
शुक्रवार को ग्राम इस्सोपुर खुरगान के ग्रामीण तहसील पहुंचे। प्रदर्शन करते हुए बताया कि उनके गांव का राशन डीलर समय पर राशन वितरण नहीं करता है। प्रशासन द्वारा प्रत्येक माह की 13 तारीख को राशन वितरण करने के निर्देश है, लेकिन राशन डीलर ने आज तक भी वितरण नहीं किया है। ग्रामीण राशन की दुकान के लगातार चक्कर काट रहे है। आरोप है कि शुक्रवार की सुबह जब ग्रामीण दुकान पर गये तो राशन डीलर ने गाली गलौज करते हुए उन्हें वहां से भगा दिया। इसके अलावा उनके गांव का दूसरी राशन की दुकान कुछ दिन पूर्व निरस्त होने के कारण पास के गांव मलकपुर के राशन डीलर से अटैच चल रहा है। वहां से भी राशन नहीं दिया जा रहा है।
ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी विनोद कुमार सिंह को दो शिकायती पत्र देते हुए दोनों राशन डीलरों के खिलाफ कार्रवाई और राशन की दुकान में चल रही अनियमितता की जांच की मांग की। मामले में उपजिलाधिकारी ने बताया कि दोनों राशन डीलरों के खिलाफ राशन न देने की शिकायत आयी है। मौके पर नायब तहसीलदार कॉमेंद्र गुप्ता को भेजा गया हैं। राशन डीलरों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।