शामली। परिषदीय स्कूलों के बच्चों के शैक्षिक विकास का पता लगाने के लिए नेशनल अचीवमेंट सर्वे कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके लिए चयनित किए जाने वाले स्कूलों से छात्रों का ब्यौरा तलब किया जा रहा है। परीक्षा के बाद कमजोर बच्चों की ओर ज्यादा ध्यान दिया जाएगा।
शिक्षकों के कामकाज और बच्चों के शैक्षिक स्तर का पता लगाने के लिए एनसीईआरटी ने नेशनल अचीवमेंट सर्वे कराने का फैसला लिया है। कक्षा तीन, पांच और आठ में होने वाले सर्वे के लिए इस सत्र में हिंदी भाषा, गणित, पर्यावरण अध्ययन, विज्ञान और सामाजिक अध्ययन विषय का चयन किया गया है। इन विषयों से संबंधित प्रश्नों का जवाब जानकर बच्चों के शैक्षिक स्तर का पता लगाया जाएगा। एनसीईआरटी ने सर्वे के लिए जिले में स्कूलों का चयन कर लिया है। इन स्कूलों का पूरा ब्यौरा डायट को उपलब्ध कराया गया है। संबंधित स्कूलों में छात्र संख्या का सत्यापन कराने की कार्रवाई जल्द पूरी करने के निर्देश दिए है। सभी ब्लाकों में संचालित प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों में नामांकित बच्चों की सही संख्या का पता लगाकर सूचना मांगी गई है। एनसीईआरटी के निदेशक ने डायट को संबंधित स्कूलों की सूची, छात्र संख्या का विवरण मांगा है।
डायट प्राचार्य भीम सिंह ने बताया कि सभी खंड शिक्षा अधिकारियों से ब्योरा मांगा जा रहा है। जल्द ही पूरी कार्ययोजना बनाकर अक्तूबर माह में परीक्षा कराई जाएगी। इसके बाद कमजोर पाए जाने वाले बच्चों की ओर शिक्षकों को ज्यादा ध्यान देने के लिए निर्देशित किया जाएगा।