पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्मशताब्दी पर क्षेत्र पंचायत कार्यालय पर बुधवार से तीन दिवसीय अंत्योदय मेला और प्रदर्शनी लगाया जाएगा। मेले में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
बीडीओ डाक्टर पंकज कुमार ने बताया क्षेत्र पंचायत कार्यालय परिसर में 12 से 14 जुलाई तक पंडित दीनदायाल उपाध्याय जन्म शताब्दी पर अंत्योदय मेला एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। मेले में स्वास्थ्य विभाग, पशु पालन विभाग, समाज कल्याण विभाग आदि के अधिकारी मौजूद रहेंगे। शिविर में सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के संबंध में बताया जाएगा तथा आधार कार्ड बनाने के साथ ही विधवा, विकलांग, वृद्धावस्था शादी अनुदान आदि के फार्म भी भरे जाएंगे।
मंदिरों में पूजन, व्रत रखा
थानाभवन। श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए मंदिरों में प्रात: से ही भीड़ लगी रही। मंदिरों को विशेष रूप से सजाया गया। पहले सोमवार पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहा। पंडित हरिओम शर्मा ने बताया ढाई दशक के बाद श्रावण मास का शुभारंभ सोमवार से हो रहा है तथा समापन भी सोमवार को ही होगा। सोमवार के व्रत का पुण्य विशेष होगा तथा भोलेनाथ की असीम कृपा होगी।
पौधरोपण किया गया
थानाभवन। क्षेत्र के गांव हरड़फतेहपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में सोमवार को वन महोत्सव के तहत पौधरोपण किया गया। इस दौरान इंजीनियर अंकुर सैनी, प्रधानाचार्य अरविंद कुमार के साथ ही अध्यापक और छात्र छात्राएं मौजूद रहीं। विद्यालय के अलावा शिव मंदिर, रविदास मंदिर, बिजलीघर पर भी पौधारोपण किया गया।