- उद्यमियों के 35 प्रतिशत अपने वाहनों से दूसरे प्रांतो को जारहे है उत्पाद
- कांवड़ यात्रा के चलते 125 किराये के मालवाहक बंद, 60 प्रतिशत औद्योगिक आपूर्ति प्रभावित
- चेक पोस्ट पर सख्ती और अवैध वसूली से नाराज ट्रांसपोर्टरों ने वाहन देने से किया इनकार
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। कांवड़ यात्रा के दौरान हाईवे पर सख्त चेकिंग और चेक पोस्टों पर अवैध वसूली के चलते ट्रांसपोर्टरों ने करीब 100–125 किराए के मालवाहक वाहन संचालन से इनकार कर दिया है। इससे कंडेला औद्योगिक क्षेत्र की 60 प्रतिशत से अधिक उत्पाद आपूर्ति प्रभावित हो रही है, जिससे उद्यमियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
कंडेला औद्योगिक क्षेत्र में लगभग 150 औद्योगिक इकाइयां संचालित हैं, जहां से हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश सहित कई राज्यों को माल सप्लाई किया जाता है। इन इकाइयों का अधिकांश माल वाहनों के जरिए दूसरे राज्यों में भेजा जाता है। लेकिन वर्तमान में मात्र 35-40 प्रतिशत वाहन ही उपलब्ध हैं।
आईआईए के पूर्व चेयरमैन आशीष जैन ने बताया कि प्रशासन ने रात 12 से सुबह 4 बजे तक ही माल वाहनों को पास देने की अनुमति दी है, जिससे लोडिंग-अनलोडिंग और समयबद्ध आपूर्ति प्रभावित हो रही है।
ट्रांसपोर्टर श्रीपाल गोयल ने बताया कि पहले कंडेला से प्रतिदिन लगभग 100–125 किराए के मालवाहक बाहर भेजे जाते थे, लेकिन पुलिस द्वारा चेक पोस्टों पर अवैध रूप से धन मांगने के कारण ट्रांसपोर्टरों ने वाहन खड़े कर दिए हैं। उद्यमी अशोक बंसल का कहना है कि माल नहीं जाने के कारण कल से फैक्ट्री बंद करनी पड़ेगी।
उद्यमियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि कांवड़ यात्रा के दौरान औद्योगिक क्षेत्र से माल परिवहन पर छूट दी जाए ताकि उत्पादन और व्यापार प्रभावित न हो।