कैराना (शामली)। गुलावठी के ग्रामीण ने बराला निवासी ग्रामीण को 300 गज का प्लॉट देने के नाम पर 10 लाख रुपये ठग लिए। अब आरोपी रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। पीड़ित की कई सुनवाई नहीं हुई तो उसने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
गांव बराला निवासी सरवर की कोतवाली में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार सितंबर 2020 में उसका भाई सुफियान दादरी तहसील में एक अधिवक्ता से मिलने गया था। वहां पर उसके भाई को किरणपाल निवासी नूरपुर मड्डया थाना गुलावठी मिला। किरण पाल ने उसके भाई को बताया कि उसके पास 300 गज का प्लॉट है और वह 15 लाख में दिला देगा। 29 सितंबर 2020 को किरण पाल उनके गांव बराला आया और उन्हें झांसा देकर 10 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए।
बाद में आरोपी ने प्लाॅट देने से इनकार कर दिया। आरोपी ने 23 सितंबर 2025 को फोन पर बताया कि उसे पास कोई प्लॉट नहीं है और ना ही पैसे हैं। रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी।