कैराना। क्षेत्र पंचायत वित्तीय वर्ष 2022-23 की प्रथम बैठक हुई, जिसमें करीब डेढ़ करोड़ रुपये से क्षेत्र पंचायत में होने वाले विकास कार्यों के प्रस्ताव पारित किए गए।
खंड विकास कार्यालय परिसर में हुई बैठक में जनप्रतिनिधियों ने प्रस्ताव रखे। इस दौरान एक गांव को दूसरे गांव से जोड़ने वाले संपर्क मार्ग, 50 प्रतिशत के मरम्मत के कार्य, मीटिंग हॉल को बड़ा बनाने का निर्णय, ब्लॉक के मुख्य गेट से आवासीय कॉलोनी तक सीसी रोड बनाने, पुराने आवासों की मरम्मत कराने सहित अन्य होने वाले विकास के कार्यों के लिए करीब डेढ़ करोड़ रुपये के प्रस्ताव ध्वनि मत से पारित किए गए।
बैठक में पहुंचे स्वास्थ्य विभाग के अधीक्षक, पशु चिकित्सा अधिकारी और कृषि विभाग के अधिकारियों ने अपने विभागों की योजनाओं की जानकारी दी। सभी को जल और वृक्ष संरक्षण के बारे में भी जानकारी दी गई। इस दौरान भाजपा नेता अनिल चौहान, ब्लॉक प्रमुख हर्षल चौधरी, बीडीओ जितेंद्र कुमार मिश्र सहित सभी बीडीसी सदस्य व ग्राम प्रधान मौजूद रहे।