कैराना (शामली)। ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत पुलिस ने कार से करीब एक क्विंटल 20 किलो डोडा पोस्त बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कोतवाली प्रभारी यशपाल धामा ने बताया कि पुलिस ने भूरा रोड स्थित सब्जी मंडी के निकट कार को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर कार से एक क्विंटल 20 किलो डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम हारुण निवासी मोहल्ला आर्यपुरी थाना कैराना, नीटू निवासी जमालपुर थाना झिंझाना और गुड्डू निवासी ऊन बताएं। मौके से एक आरोपी फरार हो गया। फरार आरोपी का नाम मिंटू निवासी जमालपुर बताया। कोतवाल ने बताया कि फरार आरोपी पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित है। जिसकी तलाश की जा रही हैं। सीओ प्रदीप सिंह ने बताया कि आरोपी क्षेत्र के कई होटल और ढाबों पर डोडा पोस्त की सप्लाई करते है और इनके खिलाफ विभिन्न जनपदों में भी अवैध तस्करी के मुकदमे दर्ज हैं। बरामद डोडा पोस्त की कीमत करीब 6 लाख रुपये है।