पुवायां पुलिस हिरासत में अभियुक्त रिंकू। स्रोत : पुलिस
पुवायां। शादी नहीं करने पर 19 वर्षीय छात्रा को तेजाब डालकर चेहरा खराब करने की धमकी देने वाले आरोपी युवक को पुलिस ने तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर मुकदमे में दुष्कर्म की धारा बढ़ा दी है।
क्षेत्र के एक गांव की छात्रा एक कॉलेज से बीए की पढ़ाई कर रही है। छात्रा के अनुसार रिंकू उस पर गलत नजर रखता था। स्कूल जाते समय और कहीं भी अकेले जाते देखकर आरोपी उसका पीछा करता था और रास्ते में रोककर छेड़खानी करता था। आरोपी ने एक दिन अपने मोबाइल से उसका फोटो खींच लिया।
आरोपी फोटो दिखाकर उसे ब्लैकमेल करने लगा। आरोपी उससे जबरदस्ती शादी करना चाहता था और धमकी देता था कि कहीं और शादी तय होने पर तेजाब डालकर चेहरा खराब कर देगा। आरोपी की धमकी से परेशान होकर छात्रा ने 14 मई को युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार रावत ने बताया कि छात्रा ने बयानों में दुष्कर्म किए जाने की बात कही थी। जिसके आधार पर मुकदमें में दुष्कर्म की धारा बढ़ाई गई थी। 17 मई को पुलिस ने बरौना रोड पर रिंकू को पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से एक मोबाइल, एक तमंचा और दो कारतूस बरामद किए गए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।