शाहजहांपुर के कांट क्षेत्र के एक गांव में विधवा की नाबालिग बेटी को नशीला पदार्थ खिलाकर आरोपी युवक ने अश्लील वीडियो व फोटो बना लिए। फिर उसे ब्लैकमेल करने लगा। आरोप है कि वीडियो डिलीट करने के नाम पर 20 हजार रुपये वसूल लिए। इसके बाद किशोरी को कैफे में ले जाकर दुष्कर्म किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
महिला ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके पति का निधन 12 साल पहले हो चुका है। वह किराने की दुकान चलाकर गुजर-बसर करती है। आरोप है कि चार मई की रात करीब आठ बजे एक युवक दुकान पर आया और 15 वर्षीय बेटी का हाथ पकड़कर खींचने लगा। शोर मचाने पर आरोपी भाग गया।
डिलीट करने के बदले मांगे थे एक लाख रुपये
किशोरी ने अपनी मां को बताया कि दसवीं में पढ़ाई के दौरान लड्डू खिलाकर उसे बेहोश कर आरोपी ने अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए थे। वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी देकर आरोपी ब्लैकमेल कर उससे दुष्कर्म करता रहा। फोटो व वीडियो डिलीट करने के नाम पर एक लाख रुपये मांगे, तब उसने 20 हजार रुपये दिए।
इसके बाद बरेली मोड़ पर कैफे के कमरे में ले जाकर शारीरिक शोषण किया। पीड़िता ने थाने में तहरीर दी। पुलिस के सुनवाई नहीं करने पर एसपी से गुहार लगाई। थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।