अमित सिंह का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
जलालाबाद। दस दिन पहले क्षेत्र के गांव टापर के पास गोली लगने से घायल हुए मदनापुर के गांव पेहना निवासी 27 वर्षीय अमित सिंह की शनिवार रात बरेली से लखनऊ ले जाते समय मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, सात मई को दिनेश सिंह के छोटे बेटे आकाश की बरात थी। छह मई को दिनेश का बड़ा बेटा अमित सिंह शादी के लिए जलालाबाद से सामान की खरीदारी करने के बाद शाम करीब चार बजे गांव लौट रहा था। खंडहर रोड पर गांव टापर के पास पहले से घात लगाए बैठे कांट थाना क्षेत्र के गांव सैदपुर निवासी अवनीश सिंह ने रोककर गालियां दीं।
तमंचे से अमित के कनपटी के पास गोली मार दी और भाग गया। खून से लथपथ अमित वहीं पर गिर गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी भिजवाया। जांच में पुलिस को पता चला कि मामला प्रेम-प्रसंग का है। मामले में पुलिस ने गोली लगने से घायल अमित सिंह के पिता दिनेश की ओर से अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
नौ मई को गांव पल्हरई के पास मुठभेड़ में अवनीश सिंह को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। अवनीश के पैर में गोली लगी थी। सिपाही शुभम सैनी घायल हो गया था। पुलिस के अनुसार अवनीश ने ही अमित सिंह को गोली मारी थी।
वहीं, अमित की मौत से उनकी पत्नी पूनम का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया है। सात साल के बेटे प्रतीक, पांच साल का रुद्राक्ष व दो साल की बेटी गुड़िया की जिम्मेदारी पूनम के कंधों पर आ गई है। इंस्पेक्टर अरविंद चौहान ने बताया कि आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। केस की धारा में वृद्धि की जाएगी।