तिलहर सीएचसी पर घायल नेकपाल का उपचार करते स्वास्थ्य कर्मचारी। संवाद
- फोटो : 1
तिलहर। मोहल्ला निजामगंज गौटिया गांव में शुक्रवार शाम पुरानी रंजिश के चलते नेकपाल को पीट दिया गया। आरोप है कि हमलावराें ने उनको गोली भी मारी है, लेकिन पुलिस इससे इन्कार कर रही है। गंभीर रूप से घायल नेकपाल को राजकीय मेडिकल काॅलेज में भर्ती कराया गया है।
अर्जुन ने बताया कि उनके पिता नेकपाल शुक्रवार शाम करीब पांच बजे मरियाधाम श्मशान घाट के पास भैंस चरा रहे थे। इस दौरान मोहल्ले के ही पांच लोग आए। पिता पर लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला कर दिया। आरोप है कि मारपीट के दौरान उनके पिता को गोली भी मार दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजन नेकपाल को सीएचसी ले गए। उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। सीओ इशिका सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई है। प्रथमदृष्टया गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।