गांव इमलिया के रजनीश का फाइल फोटो। स्रोत : परिजन
पुवायां (शाहजहांपुर)। गांव इमलिया निवासी रजनीश की पंजाब के कपूरथला में इंटरलाकिंग ईंट प्लांट पर धारदार हथियारों से हत्या कर दी गई। रजनीश के चाचा ओमपाल भी हमले में गंभीर घायल हुए हैं।
इमलिया के ओमपाल की पत्नी रेखा देवी ने बताया कि उनके पति, भतीजे रजनीश, भाई राजकुमार, विकास, दुर्वेश और विकास की पत्नी अंशिका के साथ दो सितंबर को पंजाब के जनपद कपूरथला के थाना प्लस के गांव बजाजा स्थित इंटरलॉकिंग प्लांट पर काम करने गए थे।
सेहरामऊ दक्षिणी के गीतेश भी उनके साथ काम करने गए थे। परिजनों ने बताया कि प्लांट मालिक का कुछ लोगों से विवाद चल रहा है। शनिवार दोपहर कुछ लोग प्लांट पर पहुंचे और प्लांट मालिक से विवाद करने लगे। विवाद बढ़ने पर धारदार हथियार चलने लगे तो रजनीश और ओमपाल प्लांट मालिक को बचाने के प्रयास में तलवार और चाकू लगने से गंभीर घायल हो गए। जालंधर के अस्पताल में रजनीश ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि ओमपाल का इलाज चल रहा है।
ओमपाल की पत्नी रेखा ने बताया कि दो दिन पहले उनकी पति से फोन पर बात हुई थी। उन्होंने हालचाल लेने के दौरान कहा था कि सभी लोग दीपावली से दो-तीन दिन पहले घर लौट आएंगे। अब रजनीश की मौत और पति के घायल होने की सूचना पर परिजन पंजाब गए हैं। रजनीश की मौत से मां सूरत देवी, भाई अवनीश और बहन निशा का रो रोकर बुरा हाल है। रजनीश भाई-बहनों में सबसे बड़े थे।
गांव इमलिया के रजनीश का फाइल फोटो। स्रोत : परिजन