मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। बरेली के बिलपुर रेलवे क्रॉसिंग गेट के पास बुधवार रात रेलवे लाइन पार करते समय एक ग्रामीण युवक अयोध्या-दिल्ली एक्सप्रेस की चपेट में आकर घायल हो गया। रेलवे पुलिस ने उसे ट्रेन के नीचे से निकालकर मीरानपुर कटरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। उपचार के बाद रात में ही उसे घर भेज दिया गया।
बिलपुर रेलवे स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक अभिषेक कुमार ने बताया कि रात करीब 11:30 बजे अयोध्या से दिल्ली जा रही एक्सप्रेस अप लाइन से गुजर रही थी। इसी दौरान लोको पायलट ने ट्रेन रोककर स्टेशन मास्टर अशोक कुमार को युवक के ट्रेन के नीचे आने की सूचना दी। लोको पायलट के मेमो पर बिलपुर रेलवे पुलिस चौकी प्रभारी नरवीर सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और मीरानपुर कटरा थाना क्षेत्र के ग्राम अलियापुर निवासी चमन को घायल अवस्था में ट्रेन के नीचे से निकाला।
पुलिस के मुताबिक चमन जैतीपुर के ग्राम नवादा मोड़ निवासी अपने बहनोई बुलाकी के घर से नाराज होकर बिलपुर रेलवे क्रॉसिंग गेट पर आया था। रेलवे लाइन पार करते समय वह अपलाइन पर आ रही एक्सप्रेस के नीचे आ गया। ट्रेन उसके ऊपर से गुजर गई, जिससे सिर और माथे पर हल्की चोट आई। चमन को रात करीब एक बजे सीएचसी में भर्ती कराया गया।
युवक के घायल होने के कारण ट्रेन को बिलपुर स्टेशन पर करीब दस मिनट रोककर रवाना किया गया। सीएचसी प्रभारी डॉ. फैजान खां ने बताया कि चमन को उपचार के बाद घर भेज दिया गया है।