बंडा। थाना क्षेत्र के गांव ददूरी निवासी रामप्रसाद के पुत्र राजीव (32) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों ने गला दबाकर हत्या की आशंका में थाने में तहरीर दी है। त्योहार से पहले उनकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
शनिवार रात खाना खाने के बाद राजीव सो गए थे। सुबह देर तक नहीं उठने पर परिजन उन्हें जगाने पहुंचे तब वह मृत अवस्था में मिले।
भाई उर्वेश ने बताया कि गांव के ही एक युवक का घर में आना-जाना था। इसके चलते राजीव और उनकी पत्नी में आए दिन झगड़ा होता रहता था। उर्वेश ने बताया कि राजीव के गले में निशान बना है। आशंका है कि गला दबाकर हत्या की गई है।
राजीव की मौत पर मां चमेली देवी, पत्नी भगवती, पुत्र विनय, गौरव का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थाना प्रभारी राकेश मौर्य का कहना है कि हर पहलू पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।