शाहजहांपुर। यूपी बोर्ड की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य अंतिम चरणों में है। अप्रैल में ही परिणाम आने की संभावना है।
जिले में जीआईसी समेत छह विद्यालयों को उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन को केंद्र बनाया गया है। इन सभी केंद्रों को हाईस्कूल की 2,55,829 तथा इंटरमीडिएट की 1,70,137 उत्तरपुस्तिकाएं मूल्यांकन के लिए आवंटित की गई थीं। इनमें से अब तक हाईस्कूल की 2,26,268 तथा इंटरमीडिएट की 1,47,451 उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरा कर लिया गया है। मूल्यांकित उतरपुस्तिकाओं के बाद हाईस्कूल की 29561 तथा इंटरमीडिएट की 22686 उत्तरपुस्तिकाएं बाकी बची हैं, जिनका मूल्यांकन होना है।
डीआईओएस हरिवंश कुमार का कहना है कि शेष उत्तरपुस्तिकाओं को एक-दो दिन में ही पूरा हो सकता है, जिसके बाद उन्हें बोर्ड को भेज दिया जाएगा। बताया कि अप्रैल में ही परिणाम की घोषणा करने की तैयारी है, जिससे हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाएं देने वाले छात्र-छात्राओं को दूसरी कक्षाओं में प्रवेश लेने में दिक्कत न हो।
-
मूल्यांकन कार्य में अनुपस्थित रहे आधे से ज्यादा परीक्षक
उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य कुल 1871 परीक्षक आवंटित किए गए थे, इनमें से आधे परीक्षक लगभग रोजाना ही अनुपस्थित रहे जिसकी वजह से उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन में कुछ समस्या भी आई। शनिवार को ही 1070 परीक्षक अनुपस्थित रहे थे। जबकि, उससे पहले कभी 700 और कभी 800 से अधिक परीक्षक मूल्यांकन कार्य के लिए नहीं पहुंच रहे थे, जिनको नोटिस जारी किए गए हैं। डीआईओएस हरिवंश कुमार के अनुसार नोटिस मिलने के बाद उचित जवाब न देने पर संबंधित पर कार्रवाई निश्चित होगी।