जलालाबाद। बरेली-कटरा रोड पर खाईखेड़ा गांव के पास बृहस्पतिवार रात सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद सड़क पर जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद जाम खुलवाया।
विज्ञापन
क्षेत्र के खाईखेड़ा गांव निवासी 32 वर्षीय विजय यादव बाइक से बृहस्पतिवार शाम पड़ोसी गांव झरहर हरीपुर किसी काम से गया था। देर रात वापस घर आते समय ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर लगने से विजय गंभीर रूप से घायल हो गया। सड़क पर पड़े युवक को देख पीछे से आ रहे वाहनों की रफ्तार थम गई।
अस्पताल ले जाने से पहले उसने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद सड़क पर जाम लग गया। थाना प्रभारी राजीव तोमर ने किसी तरह जाम खुलवाया। वहीं, परिजन विजय के शव को देख बिलख पड़े। विजय की मौत से उसके परिवार की दीपावली की खुशियां मातम में बदल गईं।
विज्ञापन
ओमवीर ने बताया कि भाई विजय चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी पत्नी रेखा का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया। विजय का एक बेटा व दो बेटियां हैं। प्रभारी राजीव तोमर ने बताया कि तहरीर प्राप्त होने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।